राज्य

Jabalpur News: 8 राज्यों का मोस्ट वांटेड ‘पार्षद’ चोर जबलपुर में गिरफ्तार, बचने के लिए 5 घंटे तालाब में छिपा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस और एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर के बीच लुका-छिपी का ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जो किसी सस्पेंस फिल्म से कम नहीं है. 400 से ज्यादा चोरियों को अंजाम दे चुका यह मास्टरमाइंड पुलिस से बचने के लिए काई (शैवाल) से भरे तालाब में कूद गया और पूरे 5 घंटे तक पानी के भीतर छिपा रहा. जिंदा रहने के लिए उसने कमल की डंडी (कमल की नाल) का पाइप की तरह इस्तेमाल कर सांस ली. हालांकि, गोताखोरों की मदद से उसे धर दबोचा गया.

जानकारी के मुताबिक, जबलपुर-इतवारी ट्रेन के एसी (AC) कोच से यह शातिर चोर एक महिला का पर्स चोरी करके भाग रहा था. तभी वह रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की नजर में आ गया. सिहोरा स्टेशन के पास जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, वह पुलिस को चकमा देने के लिए चलती ट्रेन से कूद गया और सामने बने काई से भरे तालाब में छलांग लगा दी. रात का अंधेरा और तालाब में काई भरी होने के कारण वह पुलिस की आंखों से ओझल हो गया.

कमल की डंडी से पानी के भीतर लेता रहा सांस

पुलिस ने हार नहीं मानी और रात में ही गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पानी की सतह पर चोर का कोई नामोनिशान नहीं था. दरअसल, इस शातिर अपराधी ने खुद को पानी में पूरी तरह डुबो रखा था और बाहर से ऑक्सीजन लेने के लिए उसने कमल की एक खोखली नाल (डंडी) को मुंह में दबा रखा था. करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसे पानी के भीतर से खोज निकाला.

पुरानी फोटो से खुली पोल

गिरफ्तारी के बाद आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और अपने अलग-अलग नाम बताता रहा. लेकिन जब पुलिस ने एक पुरानी तस्वीर से उसकी शिनाख्त की, तो पुलिस के भी होश उड़ गए. जांच में पता चला कि यह शातिर चोर उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला हरविंदर सिंह उर्फ सनी है. सबसे हैरानी की बात यह है कि हरविंदर सिंह साल 2017 में बिजनौर के हल्दौर नगर निकाय से निर्दलीय पार्षद का चुनाव भी जीत चुका है. इस पूर्व पार्षद ने अब तक 400 से ज्यादा चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और 8 राज्यों की पुलिस इसकी तलाश कर रही थी.

एसी कोच को बनाता था निशाना

यह अपराधी मुख्य रूप से ट्रेनों के एसी कोच के यात्रियों को अपना शिकार बनाता था और टीसी (TC) की चेकिंग से बचने के लिए बाथरूम में छिप जाता था. साल 2018 में भी पुलिस ने इसके पास से 70 लाख रुपये से ज्यादा के हीरे-जवाहरात बरामद किए थे. वहीं, अवंतिका एक्सप्रेस से इसने एक यात्री की लाइसेंसी रिवॉल्वर और लाखों रुपये कैश पार कर दिए थे. फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है.

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *