राज्य

‘बंगाल में अगर किसी को उर्दू बोलनी है तो…’, कोलकाता मेयर के बयान पर CM योगी आदित्यनाथ की दो टूक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (12 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों को संबोधित किया. इस दौरान पूर्व मेदिनीपुर में भाषण देते हुए उन्होंने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम को खुलेआम चुनौती दी. उन्होंने कहा, “आप सोचो आज कोलकाता का मेयर आपको चुनौती देता है, कहता है कि बंगाल की आधी आबादी को उर्दू बुलवाएंगे, ये बंगाल समाप्त करना चाहता है, बंगाली को समाप्त करना चाहते हैं. ये टीएमसी की साजिश को सफल नहीं होने देना है.”

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उनको बोलो अगर किसी को उर्दू ही बोलनी है तो वह वहां चला जाए जहां उर्दू बोली जाती है. यहां बंगाल में बंगला ही बोली जायेगी.उन्होंने ने जोर देकर कहा कि बंगाल की संस्कृति से खिलवाड़ नहीं कर सकता है. बंगाल में बांग्ला ही बोली जाएगी, ये कट्टरता की संस्कृति यहां नहीं चलने दी जाएगी. इसके अलावा उन्होंने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया. 

‘संस्कृति से खिलवाड़ करने वाले को बुलडोजर से जवाब देंगे’

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने कहा, “यहां की कला संस्कृति के साथ, यहां के अध्यात्म के साथ, यहां की बहन और बेटियों के साथ, यहां के नौजवानों के रोजगार के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, उत्तर प्रदेश का बुलडोजर उसे ठीक ढंग से जवाब देगा. यूपी का बुलडोजर केवल सड़क ठीक नहीं करता, माफियाओं का भी इलाज करता है. यह बुलडोजर वहीं चल सकता है जहां डबल इंजन की सरकार होगी.” गौर हो कि कि बंगाल में योगी आदित्यनाथ लगभग 8 चुनावी रैलियों में हिस्सा लेने वाले हैं, जिसमें बांकुरा और पूर्व मेदिनीपुर समेत कई महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं.

बता दें कि कि 23 अप्रैल और 29 अप्रैल बंगाल में विधानसभा का चुनाव है और नतीजे 4 मई को घोषित होंगे. इसको देखते हुए  बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है.  पार्टी नेतृत्व बहु-स्तरीय अभियान योजना बना रहा है, जिसका उद्देश्य महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाना है. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और योगी जैसे कई बड़े नेता बंगाल में कई रैलियां करने वाले हैं. 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *