राज्य

Hardoi News: हरदोई की शारदा नहर में नहाते समय औरैया का रिक्रूट कांस्टेबल डूबा, सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश के हरदोई में शारदा नहर में नहाते वक्त बड़ा हादसा हुआ है, थाना टड़ियावां क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नहर में नहाते समय औरैया जिले के तीन रिक्रूट कांस्टेबल नहाने के दौरान डूब गए. हालांकि, इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया. वहीं, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए. गोताखोरों की मदद से देर शाम तक लापता जवान को ढूढ़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहा.

जानकारी के मुताबिक, औरैया जनपद थाना औरैया क्षेत्र के मोहल्ला सतेश्वर निवासी गौरव कुमार 26 वर्ष हरदोई पुलिस लाइन में सिपाही के पद की ट्रेनिंग कर रहा है. रविवार की सुबह करीब 10 बजे रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार (26) अपने साथियों राजेंद्र व सुरजीत शर्मा के साथ बाजार जाने के लिए निकले थे. रास्ते में तीनों थाना टड़ियावां क्षेत्र स्थित शारदा नहर पर पहुंच गए और नहाने लगे.

नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया कांस्टेबल

इसी दौरान गौरव कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया. साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद तत्काल गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान शुरू कराया गया.

डूबे की जवान की तलाश में जुटे गोताखोर

इस घटना के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह चौहान व स्थानीय पुलिस पुलिस बल तैनात है, साथ ही तलाश लगातार जारी है. अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि लापता सिपाही की तलाश जारी है. स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है. उधर, मथुरा स्थित वृंदावन में भी बीते दिनों बड़ा हादसा हुआ था, यहां सवारियों से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई थी. इस हादसे में करीब 10 लोगों की मौत हुई थी.

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *