राज्य

Kannauj News: कोयले से लदा ट्रक बेकाबू होकर दुकानों में घुसा, हादसे में 2 लोगों की मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र से रविवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. भाऊलपुर गांव के पास तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे दुकानों में घुस गया और पलट गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक पहले एक बाइक और स्कूटी से टकराया, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक दुकानों में जा घुसा. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन कई लोग मलबे के नीचे दब गए.

दो की मौके पर मौत

हादसे में फल विक्रेता कन्हैयालाल गुप्ता और दुर्गा नगला निवासी किशोरी की मौत की सूचना है. दोनों मौके पर ही ट्रक की चपेट में आ गए. बताया जा रहा है कि हादसे के समय वहां करीब 15 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई लोग घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है. घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों का इलाज जारी है. दो शव सरकारी अस्पताल में पहुंचाए गए हैं.

भाजपा विधायक मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही छिबरामऊ विधानसभा की भाजपा विधायक अर्चना पांडे मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर दुख साझा किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है. प्रशासन पूरी गंभीरता से राहत और बचाव कार्य में जुटा है. घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है. पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी.

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है. प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *